पीलीभीत। कलेक्ट्रेट परिसर में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक पंचायत जिलाध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसका संचालन जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने किया। पंचायत में किसानों ने जिले की प्रमुख समस्याओं को लेकर जमकर आवाज उठाई। जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह ने प्रशासन से मांग की कि किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान 15 प्रतिशत ब्याज सहित तत्काल कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने निजी उर्वरक विक्रेताओं द्वारा यूरिया खाद के साथ जिंक, जैम और सल्फर जैसे अन्य कृषि उत्पाद जबरन बेचने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जिला प्रशासन से ऐसे विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर सख्त कार्रवाई करने की अपील की, ताकि किसानों को आर्थिक शोषण से बचाया जा सके।
पंचायत में पूरनपुर किसान सहकारी चीनी मिल की सुस्त मरम्मत का मुद्दा भी प्रमुखता से छाया रहा। किसान नेताओं ने आगामी पेराई सत्र से पहले मरम्मत कार्य में तेजी लाने और जिले की सभी चीनी मिलों को समय से संचालित करने की मांग की। वहीं, जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने किसान दिवस में उच्च अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की बात कही। महिला प्रकोष्ठ की सदर तहसील अध्यक्ष रेश्मा वर्मा ने तहसीलों में लंबे समय से लंबित खतौनियों में अंश निर्धारण की समस्या को उजागर करते हुए चेतावनी दी कि यदि इन सभी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान बलजीत सिंह चीमा, तरसेम सिंह, अशोक कुमार यादव सहित सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद रहे।