कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र में पिछले दिनों गन प्वाइंट (बंदूक की नोक) पर हुए सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। इस पूरे मामले की तफ्तीश में जो हकीकत सामने आई है, उसने रिश्तों को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। लूट की इस बड़ी वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि पीड़ित का सगा रिश्तेदार ही निकला।
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पीड़ित के भाई के साले के रूप में हुई है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात की साजिश रची थी। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने गुनाह कबूल करते हुए वारदात में शामिल अपने अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा कर दिया है। चकेरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया है और गिरोह के फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
