मुंबई। सुपरहिट फिल्म फ्रेंचाइजी ‘बाहुबली’ के तीसरे भाग को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर ‘बाहुबली: द टॉर्चबियरर’ डॉक्यूमेंट्री की एक वायरल क्लिप ने फैंस के बीच नई उत्सुकता पैदा कर दी है।
वायरल वीडियो में फिल्म के कलाकार प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी एक साथ नजर आते हैं। बातचीत के दौरान राणा दग्गुबाती कहते हैं कि उन्हें नहीं पता कि यह बात सार्वजनिक रूप से कहनी चाहिए या नहीं, लेकिन दुनिया शायद अभी इसके लिए तैयार नहीं है। हालांकि, वह अपनी बात पूरी करने से पहले ही रुक जाते हैं।
इसी दौरान प्रभास मुस्कुराते हुए कैमरे की ओर तीन उंगलियां दिखाते हैं। उनके इस इशारे पर अनुष्का शेट्टी समेत वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं। वीडियो के अंत में स्क्रीन पर “And the Legacy Continues” लिखा दिखाई देता है, जिससे ‘बाहुबली 3’ को लेकर अटकलों को और बल मिला है।
हालांकि, फिल्म के निर्देशक एस.एस. राजामौली या निर्माताओं की ओर से ‘बाहुबली 3’ की आधिकारिक घोषणा अब तक नहीं की गई है। ऐसे में वायरल वीडियो को लेकर फैंस उत्साहित जरूर हैं, लेकिन तीसरे भाग को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।