जम्मू-कश्मीर। किश्तवाड़ में पुलिस ने आतंकवादियों को शह और सहायता देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी छत्रू इलाके में सक्रिय विदेशी आतंकवादियों की मदद कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिंहपुर के डवाथर निवासी मोहम्मद रफीक नाइक के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि नाइक छत्रू इलाके में सक्रिय सैफुल्ला ग्रुप का कथित सरगना था और आतंकियों को सहायता उपलब्ध कराने में भूमिका निभा रहा था।
पुलिस ने इससे पहले भी छत्रू क्षेत्र के दो अन्य लोगों को आतंकवादियों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर आतंकियों से उसके संबंधों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।