अमरिया। थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 14 वर्षीय किशोरी को असलहे के बल पर अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों की हैवानियत का शिकार हुई पीड़िता ने किसी तरह नहर में कूदकर अपनी जान बचाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है और एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पीड़िता के पिता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, घटना सोमवार 9 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे की है। आरोप है कि गांव की ही एक महिला सीमेंट मांगने के बहाने किशोरी को घर के दरवाजे पर बुलाकर ले गई। जैसे ही किशोरी गेट पर पहुंची, वहां पहले से घात लगाकर बैठे सलमान शाह ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद सलमान, फिरोज शाह और समीर ने किशोरी को जबरन मोटरसाइकिल पर लाद लिया और गांव से कुछ दूरी पर स्थित गन्ने के खेत में ले गए। वहां तीनों आरोपियों ने किशोरी के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद बदहवास और लहूलुहान हालत में पीड़िता ने पास की नहर में कूदकर खुद को बचाया और किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फॉरेंसिक टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।