रुद्रपुर/ किच्छा। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में विदेश भेजने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। किच्छा थाना क्षेत्र में एक युवक को ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर 15.50 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अमनदीप सिंह निवासी तरनतारन (पंजाब) ने आरोप लगाया कि जून 2024 में उसके मामा के बेटे रंजीत सिंह के माध्यम सेकिच्छा चार लोगों से संपर्क हुआ, आरोपियों ने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा दिया और इसके बदले 15.50 लाख रुपये की मांग की। शिकायत में कहा गया है कि अलग-अलग तिथियों पर बैंक खातों और नकद के माध्यम से पूरी रकम आरोपियों को सौंप दी गई इसके बाद आरोपियों ने फर्जी वीजा व अन्य दस्तावेज थमा दिए। जब शिकायतकर्ता इन्हीं कागजातों के साथ एयरपोर्ट पहुंचा तो वहां अधिकारियों ने दस्तावेजों को फर्जी घोषित कर उसे वापस भेज दिया। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस पूरे घटनाक्रम से वह मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गया और अपनी सुरक्षा को लेकर भयभीत है। मामले में कानूनी मोड़ तब आया जब पीड़ित ने अपने अधिवक्ता कुलबीर सिंह ढिल्लों के माध्यम से न्यायालय के समक्ष विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अधिवक्ता ढिल्लों ने कोर्ट के समक्ष बैंक लेनदेन, भुगतान के प्रमाण और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े तथ्यों को रखते हुए मामले की गंभीरता को उजागर किया हालांकि इससे पहले कि अदालत कोई आदेश पारित करती पुलिस ने मामले की गंभीर प्रकृति को देखते हुए स्वयं संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली। किच्छा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दण्ड संहिता की धारा 420, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक खातों, कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *