कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद से एक बेहद दर्दनाक और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कोहना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुप्रसिद्ध भैरव घाट पर अंतिम संस्कार के बाद गंगा स्नान के दौरान एक युवक गहरे पानी में समा गया। लापता युवक की पहचान बजरिया क्षेत्र निवासी मयंक चौरसिया (ऋत्विक) के रूप में हुई है। शनिवार रात मयंक के ताऊ का बीमारी के चलते निधन हो गया था, जिनके अंतिम संस्कार के लिए पूरा परिवार रविवार दोपहर को भैरव घाट पहुंचा था। इस दुखद हादसे के बाद से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बजरिया निवासी संजू कुमार चौरसिया के बड़े भाई सुरेश कुमार का शनिवार रात निधन हो गया था। रविवार दोपहर को पूरा परिवार दाह संस्कार के लिए कोहना थाना क्षेत्र के भैरव घाट आया हुआ था। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद जब परिवार के अन्य सदस्य घाट किनारे हाथ-पैर धो रहे थे, तभी मयंक गंगा नदी में नहाने की जिद करने लगा। परिजनों ने उसे किनारे पर ही रहने की हिदायत दी थी, लेकिन पानी में उतरते ही मयंक का पैर फिसल गया।

गंगा का जलस्तर बढ़ा होने और तेज बहाव के कारण मयंक गहरे पानी की ओर खिंचा चला गया। घाट पर मौजूद स्थानीय लड़कों ने टायर और रस्सियां फेंककर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के आगे सब नाकाम रहा और मयंक आँखों के सामने ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोहना थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तत्काल जल पुलिस, स्टीमर और गोताखोरों की 6 सदस्यीय टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है। फिलहाल गोताखोरों की मदद से नदी में मयंक की सघन खोजबीन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi