रूद्रपुर। ऑनलाइन ट्रांसपोर्टर खोजकर सामान मंगवाना एक व्यवसायी को भारी पड़ गया जालसाजों ने ट्रक बुकिंग के नाम पर 80 प्रतिशत एडवांस रकम डकार ली और मोबाइल बंद कर लिया पुलिस ने तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रगति विहार सिविल लाइन्स निवासी राहुल चैहान पुत्र रमेश चैहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह भूरारानी स्थित ओमनी प्रोडक्ट फर्म के स्वामी हैं,उन्होंने 13 मार्च 2026 को दमन और दीव से सामान मंगवाने के लिए ऑनलाइन माध्यम से दमन ट्रांसपोर्ट नामक फर्म से संपर्क किया था। ऑनलाइन मिले मोबाइल नंबरों पर बातचीत के दौरान ट्रांसपोर्टर ने सामान लोड होने से पहले 80 प्रतिशत एडवांस रकम की मांग की। राहुल चैहान ने अपनी फर्म के खाते से 1 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसपोर्टर द्वारा बताए गए भारतीय स्टेट बैंक के सूरत गुजरात स्थित खाता संख्या 20532101040 में जमा करवा दिए, पैसे ट्रांसफर होने के बाद से ही ट्रांसपोर्टर ने अपने दोनों मोबाइल नंबर बंद कर लिए। पीड़ित ने जब अपने स्तर से खोजबीन की तो पता चला कि ट्रांसपोर्टर ने गलत अकाउंट डिटेल्स दी थी। जांच में सामने आया कि भुगतान एमआरसी लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड, उधाना उद्योग नगर, सूरत के नाम पर प्राप्त किया गया है। पीड़ित ने अभिनव पटेल और महेन्द्र भारद्वाज नामक व्यक्तियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है