ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ भद्रकाली तिराहे से आगे एक तेज रफ्तार ट्रक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे एक खेत में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में डंपर चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
झोपड़ी पर गिरे कंक्रीट डिवाइडर, महिला की गई जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि डंपर के अनियंत्रित होते ही सड़क पर लगे दो भारी-भरकम कंक्रीट डिवाइडर उखड़कर हवा में उछल गए। ये डिवाइडर सीधे सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी पर जा गिरे, जिसके मलबे और वजन के नीचे दबने से वहां रह रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर, अनियंत्रित डंपर 20 मीटर नीचे गहरी खाई नुमा खेत में गिरने के कारण उसके चालक ने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
SDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। तुरंत मामले की जानकारी राहत एजेंसियों को दी गई, जिसके बाद एसडीआरएफ (SDRF) की टीम निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे और डंपर में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस प्रशासन दुर्घटना के सटीक कारणों की गहनता से जांच कर रहा है।