रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया। जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट के आदेश पर रुद्रपुर, काशीपुर, बाजपुर और जनपदीय प्रवर्तन दल की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 28 अवैध शराब भट्टियां ध्वस्त कर दीं। इस दौरान करीब 67,600 किलोग्राम लहन मौके पर नष्ट किया गया, जबकि 915 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।

अभियान उप आबकारी आयुक्त कुमाऊं परिक्षेत्र विवेक सोनकिया, सहायक आबकारी आयुक्त जनपदीय प्रवर्तन दल ताराचंद्र पुरोहित और जिला आबकारी अधिकारी ऊधमसिंह नगर महेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में चलाया गया। आबकारी टीमों ने बरखेड़ी, खाईखेड़ा, जगतपुर, मुकंदपुर, कनकपुर, जगतारपुर, मसीत, कुईखेड़ी और जनता फार्म समेत विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संचालित शराब की भट्टियां पकड़ी गईं। टीमों ने मौके पर ही भट्टियों को नष्ट कर दिया और शराब बनाने के लिए तैयार 67,600 किलो लहन को भी नष्ट किया। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों से 915 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। सभी मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए।

विभागीय टीम ने ग्राम कलियावाला में सुरेंद्र सिंह के कब्जे से नौ लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। वहीं चरण सिंह उर्फ चिंटू पुत्र गुरदीप सिंह के कच्ची शराब पैकिंग के अड्डे पर कार्रवाई करते हुए करीब 225 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।

ग्राम शिवलालपुर अमरझंडा में अवैध कच्ची शराब के परिवहन के मामले में 40 लीटर शराब बरामद करने के साथ एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। वहीं खुनसरा, नकटपुरा निवासी नरेश पाल पुत्र राजाराम को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 40 पाउच में करीब 20 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। सभी मामलों में संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई।

आबकारी विभाग की इस व्यापक कार्रवाई से अवैध कच्ची शराब के कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi