​पीलीभीत। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, पीलीभीत के तत्वावधान में आयोजित शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह हर्षोल्लास के साथ सकुशल संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में मुकुंद मिश्रा ने पीलीभीत के कार्यकर्ताओं की ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि पदाधिकारियों के गर्मजोशी से भरे स्वागत और सक्रियता ने संगठन की वास्तविक शक्ति का अहसास कराया है। उन्होंने सभी नवनियुक्त सदस्यों को व्यापारिक हितों के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।


​समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भारत सरकार के राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य एवं प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने व्यापारियों को एकजुटता का मंत्र दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि व्यापारियों की शक्ति उनकी एकता में निहित है और सरकार के साथ संवाद स्थापित करने में संगठन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। मंच का कुशल संचालन जिला महामंत्री स्वतंत्र देवल एवं पीयूष अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।


​इस अवसर पर ‘पीलीभीत प्रतिभा सम्मान’ से आईआरएस (206वीं रैंक) सुश्री प्रियंका यादव को सम्मानित किया गया। साथ ही, व्यापार जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘व्यापारी केसरी सम्मान’ से राधा रमन अग्रवाल, अशोक शर्मा, श्याम कुमार देवल, गुरदीप सिंह, नंद लाल मेहरबानी, राज किशोर देवव्रत शर्मा, राजकुमार गजवानी और आशु अग्रवाल को नवाजा गया। शपथ ग्रहण समारोह में जिला इकाई के साथ-साथ नगर पीलीभीत, गजरौला, पकड़िया नौगंवा, युवा जिला इकाई और युवा नगर इकाई के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।


​कार्यक्रम में प्रदेश और मंडल स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे, जिनमें प्रदेश संयुक्त महामंत्री राजेश जसोरिया, प्रदेश मंत्री अनुज पाण्डेय, प्रदेश संगठन मंत्री जितेंद्र कुमार गुप्ता, मंडल प्रभारी समित अग्रवाल, अंजनी गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष डालचंद सक्सेना और मंडल मंत्री रतननाथ मिश्रा प्रमुख थे। इनके साथ ही नगर अध्यक्ष रवि शर्मा, गजरौला अध्यक्ष विजय गुप्ता, नौगंवा अध्यक्ष राहुल शर्मा और युवा जिला अध्यक्ष नितेंद्र नाथ मिश्रा नगर युवा अध्यक्ष प्रतीक सक्सेना ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *