अमरिया (पीलीभीत)। तहसील अमरिया में शनिवार को आयोजित ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुक्रीति माधव मिश्रा ने जनता की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान कुल 39 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिकायतों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि अधिकारी अपनी विभागीय शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न करें, बल्कि गुणवत्तापरक ढंग से समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाएं और दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समस्या का हल निकालें। जिलाधिकारी ने यह भी आगाह किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से जनसुनवाई की शिकायतों की गुणवत्ता की सीधी जांच की जा रही है, इसलिए निस्तारण की आख्या पोर्टल पर तभी अपलोड करें जब शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो जाए, ताकि उसे दोबारा शिकायत न करनी पड़े।
राजस्व और जमीन से जुड़े विवादों पर जिलाधिकारी ने समस्त लेखपालों और कानूनगो को पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यकता हो, पुलिस को साथ लेकर मौके पर निस्तारण कराया जाए। साथ ही ग्राम सचिवालयों में जाकर विरासत दर्ज करने और ग्राम समाज की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के भी कड़े निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मयंक गोस्वामी, तहसीलदार विदेह सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक कुमार सहित जनपद के समस्त विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।