रुद्रपुर। उत्तराखंड के अपर सचिव आयुष विभाग जोगदंडे विजय कुमार ने उधम सिंह नगर जिले के लालपुर स्थित आयुषमान आरोग्य मंदिर (आयुष) केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध दवाइयों की स्टॉक स्थिति, चिकित्सा उपकरणों की कार्यप्रणाली तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारियां लीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान जिले के कई बड़े प्रशासनिक और स्वास्थ्य अधिकारी भी मुख्य रूप से मौके पर मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर सचिव ने चिकित्सा स्टाफ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र में आने वाले हर एक मरीज की गंभीरता से स्वास्थ्य जांच की जाए और उन्हें बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इलाज के लिए आने वाले सभी मरीजों का पूरा विवरण दैनिक रजिस्टर में अनिवार्य रूप से अंकित किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मरीजों से उपचार से संबंधित फीडबैक लेने की व्यवस्था को भी लागू करने की बात कही ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और सुधारा जा सके।

अपर सचिव जोगदंडे विजय कुमार ने जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को कड़े निर्देश दिए कि आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र के बारे में आम जनता के बीच व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को यह भली-भांति पता होना चाहिए कि इस केंद्र में नियमित रूप से आयुर्वेदिक उपचार की उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस निशुल्क और प्रभावी चिकित्सा पद्धति का लाभ उठा सकें। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, तहसीलदार किच्छा गिरीश चंद्र त्रिपाठी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता जोशी तथा अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दीपक सरकार सहित कई विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi