पीलीभीत। क्रिसिल फाउंडेशन के तत्वावधान में बुधवार को ब्लॉक मरौरी के ग्राम अटकोना में एक विशेष वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान और समूह सखी के सहयोग से आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन सीएफएल के केंद्र प्रबंधक संजीव कुमार द्वारा किया गया, जिन्होंने उपस्थित लोगों को बैंकिंग और बीमा क्षेत्र की बारीकियों से अवगत कराया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही अटल पेंशन योजना, कन्या सुमंगला योजना और बाल सेवा योजना के लाभों पर भी चर्चा की गई। केंद्र प्रबंधक ने विशेष रूप से बैंक खातों में नामांकित व्यक्ति (नॉमिनी) की अनिवार्यता, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के तरीकों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में किसान भाई रोहिताश कुमार, रघुवीर सहित शीतल देवी, अंजू लता, कुंती, मालती, समूह सखी और ग्राम प्रधान का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय किसानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।