सितारगंज/रुद्रपुर। मंगलवार रात किच्छा मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सितारगंज निवासी 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम लौका, सितारगंज निवासी अनुज अपना निजी कारोबार कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि मंगलवार रात वह बाइक संख्या यूके 06 यू 7715 से किच्छा से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मार्ग में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए सितारगंज चिकित्सालय ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन हालत में सुधार न होने पर जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अनुज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि वह दो भाइयों में बड़ा था और परिवार का भरण-पोषण उसी के जिम्मे था। उसके पिता दिव्यांग होने के कारण घर पर रहते हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi