नई दिल्ली/जयपुर/देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने राजस्थान में सांगठनिक स्तर पर एक बहुत बड़ा बदलाव किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री नितिन नवीन जी के निर्देशानुसार, वरिष्ठ नेता श्री अजेय कुमार को राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा आज, 1 जून 2026 को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है। यह महत्वपूर्ण नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

कड़े फैसलों और सांगठनिक मजबूती के संकेत

राजनैतिक हलकों में इस नियुक्ति को बेहद अहम माना जा रहा है। राजस्थान जैसे बड़े राज्य में संगठन की कमान अजेय कुमार को सौंपकर शीर्ष नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि आगामी समय में पार्टी धरातल पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने और सांगठनिक ढांचे को नई धार देने की तैयारी में है।

पार्टी द्वारा जारी इस आधिकारिक पत्र की प्रतिलिपि राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री, सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों को आवश्यक सूचना और कार्रवाई हेतु भेज दी गई है। इस बड़ी नियुक्ति के बाद राजस्थान भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और सोशल मीडिया पर नए संगठन मंत्री को बधाई देने का तांता लगा हुआ है।

बता दें कि अजेय कुमार छह वर्षों से अधिक समय से उत्तराखंड भाजपा संगठन मंत्री के रूप में कार्य कर रहे थे और साल 2022 के विधानसभा चुनाव समेत प्रदेश के सभी चुनावों में पार्टी की विजय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *