​पीलीभीत। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स लिखित एनरोलमेंट-2025 परीक्षा को पारदर्शी, सुरक्षित और निर्विघ्न ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने आज जनपद के सभी 06 चयनित परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ड्रमण्ड राजकीय इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इण्टर कालेज, एस.एन. इंटर कालेज, उपाधि महाविद्यालय और राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के परीक्षा कक्षों में जाकर वहां की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
​निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने केंद्रों पर विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, पंखे, शौचालय और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की बारीकी से जांच की। जिलाधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाचार्यों और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा शुरू होने से पूर्व सभी छोटी-बड़ी कमियों को दूर कर लिया जाए ताकि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
​ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स लिखित एनरोलमेंट-2025 परीक्षा आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा जनपद के निर्धारित 06 केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न होगी। निरीक्षण के समय सीओ सिटी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *