पीलीभीत। बीसलपुर नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के पत्रकारों को उनकी उत्कृष्ट और निष्पक्ष सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्वच्छ गंगा मिशन के प्रांत संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रवि शरण सिंह चौहान ने पत्रकारिता के इतिहास और महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 1826 में पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने कोलकाता से भारत का पहला हिंदी समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ प्रकाशित कर देश में स्वतंत्र जन जागरण के एक नए युग का सूत्रपात किया था। पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उन्होंने समाज से पत्रकारों का सम्मान करने की अपील की, साथ ही पत्रकारों से भी अपनी लेखनी और पेशे की गरिमा को हमेशा बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं बालाजी गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अर्चना चौहान ने पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं। वे विपरीत परिस्थितियों में भी पत्रकारिता के माध्यम से आमजन को न्याय दिलाने का निर्भीक कार्य करते हैं, इसलिए समाज में उनके इस समर्पण का हमेशा आदर होना चाहिए। इस गरिमामयी समारोह के दौरान वरिष्ठ पत्रकार मृदुल किशोर त्रिगुणित, सत्यवान अवस्थी, मनोज पाठक, जितेंद्र गंगवार, पातीराम गंगवार, महिपाल गंगवार, सत्येंद्र गंगवार और सारिक शेख सहित क्षेत्र के कई पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने और व्यवस्थाओं को संभालने में आलोक शुक्ला व नितिन अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।