पीलीभीत। जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने एक बड़ा अभियान चलाया है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पीलीभीत-बीसलपुर और पीलीभीत-पूरनपुर मार्ग पर बिना फिटनेस और अनाधिकृत रूप से चल रहे स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले कई वाहन पकड़े गए, जिन पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान नियमों को ताक पर रखकर बच्चों का परिवहन करने वाले कई मामले सामने आए। अधिकारियों ने एक जाइलो गाड़ी को बिना किसी वैध कागजात (प्रपत्र) के स्कूली बच्चों को ले जाते हुए पकड़ा। वहीं, हद तो तब हो गई जब एक महज 6 सीटर ऑटो रिक्शा में क्षमता से दोगुने से भी अधिक, यानी कुल 14 बच्चों को ठूंस-ठूंस कर बिठाया गया था। बच्चों की जान जोखिम में डालने वाले इन दोनों वाहनों का मौके पर ही चालान काट दिया गया।
इसके अलावा, जांच में दो ऐसे स्कूली वाहन भी मिले जिनकी फिटनेस अवधि खत्म हो चुकी थी। इनमें से एक गाड़ी की फिटनेस तो हाल ही में समाप्त हुई थी, लेकिन दूसरी गाड़ी साल 2022 से ही बिना फिटनेस के सड़कों पर दौड़ रही थी। सुरक्षा के मद्देनजर इन दोनों गाड़ियों को तुरंत जब्त (निरुद्ध) कर लिया गया। अभियान के तहत ओवरलोडिंग के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया गया, जिसके तहत एक वाहन को बीसलपुर थाने में और दूसरे को पूरनपुर चीनी मिल चौकी में बंद कराया गया। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने साफ चेतावनी दी है कि बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और ऐसा करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी यह कठोर अभियान जारी रहेगा।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)