रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से तीन स्कूली छात्राओं के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों छात्राएं बिना किसी को बताए कहीं चली गईं और देर शाम तक घर नहीं लौटीं। घटना के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

जानकारी के अनुसार राजा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की 14 वर्षीय बेटी अपनी दो सहेलियों के साथ 22 मई की सुबह स्कूल गई थी। तीनों छात्राएं ट्रांजिट कैंप स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा आठ की छात्राएं हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी सुबह करीब 11 बजे हुई, लेकिन इसके बाद तीनों छात्राओं का कोई पता नहीं चला।

परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के क्षेत्रों में बच्चियों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार के सदस्य ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

लापता छात्राओं की उम्र 11 से 14 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना के समय तीनों छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में थीं, जिसमें लाल और क्रीम रंग की चेक शर्ट तथा क्रीम रंग की पैंट शामिल है।

पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित स्थानों पर पुलिस टीमों को भेजा गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को छात्राओं के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi