रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंह नगर में सेवा सेतु अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी के निर्देशन में बुधवार को किच्छा, जसपुर और खटीमा में तीन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल 667 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 375 पुरुष और 292 महिलाएं शामिल रहीं।
599 लोगों की हाइपरटेंशन और डायबिटीज जांच
स्वास्थ्य शिविरों में गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग के तहत 599 लोगों की हाइपरटेंशन और डायबिटीज की जांच की गई। इसके अलावा 336 लोगों की ओरल कैंसर, 176 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर और 61 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की गई।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 11 नई गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई, जबकि 27 महिलाओं की फॉलो-अप जांच हुई। इस तरह कुल 38 एएनसी चेकअप किए गए। सात एमसीपी कार्ड वितरित किए गए। वहीं, 42 किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के संबंध में काउंसलिंग दी गई और पोषण एवं देखभाल को लेकर 64 सत्र आयोजित किए गए।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 224 लोगों की स्क्रीनिंग
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद में 224 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। इनमें 141 पुरुष और 83 महिलाएं शामिल थीं। अभियान के माध्यम से लोगों में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर जांच के महत्व को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।
1324 बच्चों की जांच, 209 बच्चे चिह्नित
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कुल 1324 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 880 स्कूली बच्चे और 444 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चे शामिल रहे। जांच के दौरान 4डी के तहत कुल 209 बच्चे चिह्नित किए गए, जिनमें 133 स्कूली बच्चे और 76 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चे शामिल हैं।
जन-जन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने बताया कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग लगातार जन-जन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच, रोगों की स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता गतिविधियों के जरिए लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।