सितारगंज। कोतवाली सितारगंज पुलिस ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से छह गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर रविवार को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 1.11 लाख रुपये बताई गई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुंदरम् शर्मा ने बताया कि बरामद मोबाइलों में ओप्पो, मोटोरोला, सैमसंग और वीवो कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं। गुमशुदा मोबाइलों का विवरण सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज किए जाने के बाद उनके सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर वर्तमान उपयोगकर्ताओं से संपर्क कर आवश्यक सत्यापन एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सभी मोबाइल बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटा दिए गए है।
वहीं, इस पूरी कार्रवाई में महिला आरक्षी नीलम बरगली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर सभी स्वामियों ने सितारगंज पुलिस एवं कोतवाली सितारगंज पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए इस जनहितकारी पहल की सराहना की।