सितारगंज। सितारगंज में निर्माणाधीन हाईवे की साइट से लोहे की सरिया चोरी करने का मामला सामने आया है। श्रमिकों ने आरोपी युवक को 28 लोहे की सरिया के टुकड़ों के साथ पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
गांव गौरीखेड़ा स्थित आरसीएल प्लांट में जेई (हाईवे) अभिषेक शुक्ला ने बताया कि 13 जुलाई को गांव बघौरा के पास निर्माणाधीन पुलिया से करीब 300 मीटर अंदर हाईवे की नाली का निर्माण कार्य चल रहा था। दोपहर में श्रमिक लंच करने गए थे।
आरोप लगाया कि लंच के बाद जब श्रमिक वापस कार्यस्थल पर पहुंचे। तभी एक श्रमिक हरप्रसाद ने वहां एक युवक को सरिया चोरी करने हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। श्रमिक ने आरोपी युवक के कब्जे से 28 लोहे के सरियों के टुकड़े भी बरामद किया। पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नाम दीप राणा बताया।
इसके बाद जेई अभिषेक शुक्ला, श्रमिक हरप्रसाद और सहज ने आरोपी को चोरी के सरियों के साथ पुलिस को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।