सितारगंज। गांव गोठा के पास स्थित लिप्टिस के जंगल में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर उसे पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव गोठा निवासी अनिल कुमार पुत्र दलसिंगार (50) शनिवार शाम से लापता था। परिजनों ने रात भर उसकी खोजबीन की। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। अगले दिन रविवार सुबह शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि वह शनिवार शाम को घर से निकला था। लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रात करीब 10 बजे तक उसकी कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उसकी खोजबीन शुरू की। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।


रविवार को कुछ ग्रामीणों ने गांव के समीप स्थित लिप्टिस के जंगल में शव पड़े होने की सूचना दी। कोतवाल सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने शव की शिनाख्त कर पंचायतनामें की कार्रवाई की। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। वहीं, एफएसएल टीम ने घटनास्थल को सील कर सभी जरूरी साक्ष्य एकत्रित किया। पुलिस टीम ने आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ की। मृतक अपने पीछे चार बच्चों का परिवार छोड़ गया। बताया जा रहा है कि वह नशें का आदी था।


वहीं, आसपा नेता सतेंद्र कुमार ने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों की जान जोखिम में पड़ रही है। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *