सितारगंज। उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज में अमरिया रोड पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। गुरुवार की देर शाम सितारगंज-पीलीभीत हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। गांव मालपुरी में एक बेकाबू डंपर ने पांच युवकों से भरी सब्जी ढोने वाली ठेला गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ठेला गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
रिश्तेदारी में जा रहे थे पांचों युवक
मिली जानकारी के अनुसार, गौरीखेड़ा निवासी मो. सुल्तान (24) अपने भतीजे मो. नाजीम (16), भांजे मो. सैफ (15) और दो अन्य रिश्तेदारों मो. शादाब (26) व मो. गुलफाम (20) के साथ सब्जी वाले ठेले पर सवार होकर यूपी के मुंडलिया गांव जा रहे थे। मालपुरी पेट्रोल पंप के पास सामने से आए अज्ञात डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
अस्पताल पहुँचने से पहले ही थम गई सांसें
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से सभी पांचों घायलों को उप जिला अस्पताल सितारगंज ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने मो. सुल्तान, मो. नाजिम और मो. शादाब को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सैफ और गुलफाम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पुलिस को दी चेतावनी
हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी डंपर चालक की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शवों को उठने नहीं देंगे और धरना-प्रदर्शन करेंगे।
CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सीओ बीएस धोनी ने मौके का मुआयना किया और अस्पताल पहुँचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने बताया कि आरोपी डंपर चालक की तलाश के लिए हाईवे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजने का आश्वासन दिया है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं। )