सितारगंज। ऊधमसिंहनगर पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने के मामले में आरोपी राजीव विश्वास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग युवती को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पोक्सो अधिनियम की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 की रात ग्राम देवनगर शक्तिफार्म निवासी 21 वर्षीय राजीव विश्वास कथित रूप से एक नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। युवती की मां की तहरीर पर कोतवाली सितारगंज में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना और लगातार की गई सुरागरसी के आधार पर 13 जुलाई को शक्तिफार्म क्षेत्र से आरोपी राजीव विश्वास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से नाबालिग युवती को सुरक्षित बरामद किया। विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 87 तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 5/6 भी जोड़ दी गई हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में शक्तिफार्म चौकी प्रभारी एसआई जगदीश तिवारी, एसआई बबीता टम्टा, कांस्टेबल नीलम बर्गली और कांस्टेबल भोपाल की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi