सितारगंज। ऊधमसिंह नगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज कोतवाली पुलिस ने शक्तिफार्म क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से स्मैक, 1,560 रुपये नकद और नशीले पदार्थ को रखने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक जगदीश चंद्र तिवारी पुलिस टीम के साथ शांति व्यवस्था, शाम की चेकिंग और अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम शक्तिफार्म में वनशक्ति मंदिर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मुख्य सड़क से करीब 10 मीटर अंदर कुछ लोगों की भीड़ दिखाई दी।
पुलिस टीम को देखकर कुछ लोग जंगल की ओर भागने लगे, जबकि दो व्यक्ति वनशक्ति मंदिर की ओर भागे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। उनकी तलाशी के दौरान मादक पदार्थ बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
तलाशी में स्मैक और नकदी बरामद
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान रमेश उर्फ पिच्चू (30), निवासी ग्राम पिपलिया, शक्तिफार्म और गोकुल विश्वास (33), निवासी रतनफार्म नंबर-1, शक्तिफार्म के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि रमेश के कब्जे से पन्नी सहित 12.83 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसका शुद्ध वजन 11.76 ग्राम था। वहीं, गोकुल विश्वास के कब्जे से पन्नी सहित 3.23 ग्राम स्मैक मिली, जिसका शुद्ध वजन 2.41 ग्राम बताया गया है। इसके अतिरिक्त दोनों के कब्जे से कुल 1,560 रुपये नकद, एल्युमिनियम फाइल पेपर के आठ टुकड़े तथा स्मैक रखने में इस्तेमाल होने वाले कागज और पारदर्शी पन्नियां बरामद की गईं।
तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक की खरीद-फरोख्त से जुड़ी जानकारी दी है। पुलिस अब कथित रूप से मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले लोगों और इस कारोबार में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
इस मामले में सितारगंज कोतवाली में मुकदमा संख्या 0531/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुन्दरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक जगदीश चंद्र तिवारी, हेड कांस्टेबल मतलूब खान और नवनीत कुमार, कांस्टेबल जगदीश कोठियाल और प्रेम सिंह तथा महिला कांस्टेबल ज्योति शर्मा शामिल रहीं।