सितारगंज। साइबर ठगों ने यूपीआई के माध्यम से एक व्यक्ति के बैंक खाते से करीब 1.17 लाख रुपये निकाल लिए। मामले की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर कोतवाली सितारगंज पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव पंडरी निवासी सलीम ने बताया कि उनका बैंक ऑफ बड़ौदा की सितारगंज शाखा में बचत खाता है, जिससे उनका मोबाइल नंबर भी लिंक है। आरोप है कि 9 जून से 15 जून 2026 के बीच साइबर ठगों ने यूपीआई के जरिए कई अनधिकृत ट्रांजैक्शन कर उनके खाते से करीब 1.17 लाख रुपये निकाल लिए।
पीड़ित ने बताया कि जब वह बैंक में रुपये निकालने पहुंचे, तब उन्हें खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिली। बैंक स्टेटमेंट की जांच करने पर कई संदिग्ध और अनधिकृत लेनदेन सामने आए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्राधिकारी बीएस धौनी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और साइबर ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।