सितारगंज। इटली भेजने के नाम पर सितारगंज निवासी दो भाइयों से 5.03 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। वहीं, मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया है। गांव बिज्टी निवासी हरजिंदर सिंह ने बताया कि उसके भाई बलविंदर सिंह की मुलाकात गांव भूड़ा, अमरिया (पीलीभीत) निवासी विक्रमजीत सिंह से हुई थी।
इस दौरान विक्रमजीत ने बताया कि विदेश भेजने के लिए उसने पार्टनर शमशेर सिंह उर्फ शेरी के साथ सितारगंज में डिवाइन ओवरसीज नामक कार्यालय खोला है। आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों ने बलविंदर सिंह को इटली में कृषि कार्य के लिए भेजने का झांसा दिया और फाइल तैयार कराने के नाम पर 16 नवंबर 2023 को 60 हजार रुपये का चेक ले लिया। इसके बाद वीजा प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने का हवाला देकर अलग-अलग तिथियों में यूपीआई के माध्यम से कई बार रुपए लिए।
हरजिंदर ने बताया कि उसने अपने खाते से करीब 3.93 लाख और भाई बलविंदर सिंह के खाते से चेक व यूपीआई के जरिए करीब 1.10 लाख भेजें। इस तरह आरोपियों ने दोनों भाइयों से कुल 5.03 लाख रुपये की वसूली की। आरोप लगाया कि पूरी रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो उसके भाई को इटली भेजा और न ही रकम वापस की। यहां तक कि आरोपियों ने उसे भरोसा दिलाने के लिए 100 के स्टांप पेपर पर इकरारनामा भी तैयार कराया था। जिसकी प्रति पुलिस को सौंप दी है। वहीं, सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi