काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर की रहने वाली और आर्मी पब्लिक स्कूल (APS) हेमपुर की कक्षा 8 की 12 वर्षीय होनहार छात्रा अशना नकी ने इतनी कम उम्र में पुस्तक लेखक बनकर इतिहास रच दिया है। अशना अपने परिवार की पांचवीं और सबसे कम उम्र की पुस्तक लेखक बनी हैं। उनका प्रेरणादायक कहानियों का संग्रह ‘यंग माइंड ग्रेट लेसंस’ (Young Mind Great Lessons) अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल पुस्तक प्रकाशक ‘ब्री बुक्स’ (BriBooks) द्वारा प्रकाशित किया गया है, जो उनकी इस असाधारण प्रतिभा को वैश्विक मंच प्रदान करता है।

अशना नकी का यह कदम उनके परिवार की समृद्ध बौद्धिक और साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाता है। उनसे पूर्व उनके परिवार में उनके पिता डॉ. नकी उद्दीन (कॉमर्स विषय की पुस्तक), उनके बड़े अंकल नदीम उद्दीन एडवोकेट (45 जन जागरूकता, कानूनी व साहित्यिक पुस्तकें), उनके चाचा डॉ. जिया उद्दीन (इंजीनियरिंग गणित की पुस्तकें), तथा उनकी बड़ी बहन नीलिमा नदीम एडवोकेट (कानूनी जागरूकता विषय की पुस्तकें) पहले ही स्थापित लेखक के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। आर्मी पब्लिक स्कूल हेमपुर के चेयरमैन ब्रिगेडियर सुखबीर सिंह की प्रेरणा और प्रधानाचार्य डॉ. मालिनी शर्मा के नेतृत्व में युवा लेखकों को सशक्त बनाने के लिए ‘ब्री बुक्स’ के सहयोग से एक विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। स्कूल के अंग्रेजी लेक्चरर और कार्यक्रम संयोजक अतुल यादव की देखरेख में अशना ने इस पुस्तक को न केवल लिखा, बल्कि खुद ही इसका आकर्षक डिज़ाइन भी तैयार किया है। 10 बाल प्रेरक कहानियों से सजी यह पुस्तक वर्तमान में ‘ब्री बुक्स’ की आधिकारिक वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध है। अशना की इस गौरवमयी उपलब्धि पर ब्रिगेडियर सुखबीर सिंह, डॉ. मालिनी शर्मा, अतुल यादव सहित स्कूल स्टाफ, अधिवक्ताओं और पत्रकारों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *