ग्रेटर नोएडा। दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में एक युवक की शर्मनाक और हैरान कर देने वाली करतूत सामने आई है। युवक ने भारी शराब के नशे में पुलिस और आपातकालीन सुरक्षा एजेंसियों को फोन कर अपनी कार पानी में डूबने की झूठी सूचना दे दी। इस खौफनाक कॉल के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में भारी पुलिस बल और रेस्क्यू टीमें मौके पर दौड़ीं। लेकिन जब पुलिस घटना स्थल पर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारियों का सिर घूम गया।
‘डूबने’ की कॉल से मचा हड़कंप, मौके पर पुलिस को मिला शॉक
पुलिस के मुताबिक, दनकौर पुलिस और इमरजेंसी सेवाओं को एक युवक ने बेहद डरे हुए लहजे में फोन किया और कहा, ‘साहब! मुझे बचा लो, मेरी कार पानी में डूब रही है, वरना मैं मर जाऊंगा।’ मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दनकौर थाना पुलिस और आपातकालीन एजेंसियां तुरंत लोकेशन ट्रेस कर मौके पर पहुंचीं। लेकिन वहां कोई हादसा नहीं हुआ था। पुलिस ने देखा कि कार पूरी तरह सुरक्षित सड़क किनारे खड़ी थी और उसके अंदर कॉल करने वाला युवक अपनी गर्लफ्रेंड (प्रेमिका) के साथ बैठा हुआ था।
नशे में धुत युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि युवक अत्यधिक शराब के नशे में धुत था और उसने महज पुलिस को परेशान करने या किसी अन्य सनक में यह झूठी कहानी रची थी। कार के अंदर युवक और उसकी प्रेमिका को सुरक्षित लेकिन आपत्तिजनक स्थिति में पाकर पुलिस ने राहत की सांस तो ली, लेकिन सरकारी तंत्र को गुमराह करने और आपातकालीन सेवाओं का मज़ाक उड़ाने पर नाराजगी जताई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराबी युवक को तत्काल प्रभाव से गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।