सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने यूट्यूबर और सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शिकायत और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने उन्हें शांतिभंग की धाराओं में चालान किया है।
बताया जा रहा है कि हुदा जरीवाला मस्जिद के ध्वस्तीकरण के विरोध में सहारनपुर स्थित सर्किट हाउस पहुंची थीं। वहां अंदर जाने को लेकर उनकी पुलिसकर्मियों से बहस हो गई। पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया, जिसके बाद मौके पर स्थिति को लेकर विवाद हुआ।
इसके बाद सोशल मीडिया पर हुदा जरीवाला का एक वीडियो सामने आया। वीडियो में वह मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रशासन पर सवाल उठाती दिखाई दीं। उन्होंने अपने बयान में मस्जिद को गिराए जाने को गलत बताते हुए कहा था कि मुस्लिम समाज इसके खिलाफ खड़ा होगा।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों और वीडियो की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हुदा जरीवाला खुद को सामाजिक कार्यकर्ता और यूट्यूबर बताती हैं। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े वीडियो, शिकायत और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
