पीलीभीत। जनपद गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल पर हुए पथराव और निशा विश्वकर्मा हत्याकांड के विरोध में सोमवार को बीसलपुर में पार्टी पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। विधानसभा अध्यक्ष शैलेश शर्मा एडवोकेट के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में बताया गया कि गाजीपुर के ग्राम कटरिया में एक नाबालिग बेटी निशा विश्वकर्मा की जघन्य हत्या के बाद जब पूर्व मंत्री रामासरे विश्वकर्मा के नेतृत्व में सपा का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा, तो वहां दबंगों ने पुलिस की मौजूदगी में उन पर पथराव कर दिया। इस हमले में पूर्व मंत्री सहित कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जबकि पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना रहा।
​समाजवादी पार्टी ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए मांग की है कि प्रतिनिधिमंडल पर हमला करने वाले दोषियों पर तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए और निशा विश्वकर्मा के हत्यारों को फांसी की सजा दी जाए। साथ ही, पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मौके पर मौजूद लापरवाह पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की भी मांग की गई है। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष लोहिया वाहिनी अंकित वर्मा, विधानसभा उपाध्यक्ष बद्री शर्मा, जिला उपाध्यक्ष छात्र सभा अभिषेक गंगवार, छत्रपाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और न्याय न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *