​पीलीभीत। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से आज एक विशेष पहल की गई। जनपद के गौहनिया चौराहे पर ‘नेकी की दीवार’ एवं ‘श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल’ के संयुक्त तत्वाधान में एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने शिरकत की और खुद सड़क पर उतरकर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया।
​ अभियान के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने दो पहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कई वाहन चालकों को सुरक्षा कवच के रूप में हेलमेट भी वितरित किए। संस्था के पदाधिकारियों और जिलाधिकारी ने लोगों को समझाते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का जरिया नहीं, बल्कि आपके जीवन की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। वाहन चलाते समय हर हाल में हेलमेट पहनने की अपील की गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना में कीमती जान बचाई जा सके।


​ सड़क सुरक्षा के साथ-साथ संस्था ने भीषण गर्मी को देखते हुए मानवता की एक और मिसाल पेश की। कार्यक्रम के दौरान वहाँ से गुजरने वाले राहगीरों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए ठंडा शरबत पिलाया गया और पीने के पानी की बोतलें बांटी गईं। इसके अलावा राहगीरों को धूप से बचने के लिए तौलिया भी वितरित की गई। संस्था के इस संयुक्त प्रयास की स्थानीय जनता ने काफी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *