सोनभद्र | उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में शासन के निर्देशानुसार ‘VIP कल्चर’ के विरुद्ध पुलिस ने एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों, विशेष रूप से लोढ़ी टोल प्लाजा पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर उन वाहनों पर कार्रवाई की, जो अवैध रूप से हूटर, लाल-नीली बत्ती और शीशों पर काली फिल्म लगाकर रसूख झाड़ रहे थे।
मौके पर ही उतरवाए गए हूटर और बत्तियां
सोनभद्र पुलिस की टीमों ने चेकिंग के दौरान कई ऐसी लग्जरी गाड़ियाँ रोकीं जिन पर अनधिकृत रूप से हूटर और पुलिस कलर की बत्तियां लगी थीं। पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही इन हूटरों को उतरवाया और जब्त कर लिया। इसके साथ ही जिन वाहनों के शीशों पर काली फिल्म (Black Film) लगी पाई गई, उन्हें भी मौके पर ही हटवाया गया।
सैकड़ों वाहनों का हुआ चालान
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सैकड़ों वाहनों का भारी-भरकम ई-चालान काटा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, सड़क पर अवैध रूप से VIP प्रतीकों का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन की चेतावनी
सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इस कार्रवाई से जिले के रसूखदारों और रसूख दिखाने वाले युवाओं में हड़कंप का माहौल है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)