रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में श्रमिक संयुक्त मोर्चा के तत्वाधान में औद्योगिक श्रमिकों की विभिन्न न्यायसंगत मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। सिडकुल की नामी कंपनी भगवती प्रोडक्ट्स लिमिटेड में प्रबंधन द्वारा लागू किए गए कथित अविधिक ले-ऑफ को तत्काल प्रभाव से रद्द करने, सर्वोच्च न्यायालय के मानकों के अनुरूप न्यूनतम वेतनमान की दरों को धरातल पर कड़ाई से लागू करवाने, श्रमिक संयुक्त मोर्चा के जुझारू कार्यकारी अध्यक्ष दलजीत सिंह के विरुद्ध प्रशासन द्वारा जारी किए गए गुंडा एक्ट के नोटिस को अविलंब वापस लेने तथा औद्योगिक इकाइयों के भीतर मज़दूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आए दिन होने वाले हादसों पर पूर्ण अंकुश लगाने की मांग को लेकर मज़दूरों ने जिला कलेक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की।
इस दौरान माँग की गई कि भगवती-माइक्रोमैक्स में घोषित अविधिक ले-ऑफ तत्काल समाप्त करवाकर समस्त श्रमिकों की कार्यबहाली हो, न्यूनतम वेतनमान लागू हो, अन्यत्र कंपनी को अविधिक रूप से किराए पर देने के लिए प्रबंधन पर कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई हो! दलजीत सिंह के विरुद्ध गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 के तहत जारी अन्यायपूर्ण नोटिस और कार्यवाही को तत्काल निरस्त किया जाए। फैक्ट्री हादसों पर रोक लगे,राव हाईटेक कंपनी में पीड़ित श्रमिक आकाश सहित समस्त श्रमिकों को न्याय दिलाया जाए और कंपनी के सुरक्षा मानकों की पूरी जांच की जाए।आज के प्रदर्शन में श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी,दलजीतसिंह,उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष प्रभात ध्यानी,सेन्टर फॉर स्ट्रगलिंग ट्रेड यूनियंस सीएसटीयू के महासचिव मुकुल ,धीरज जोशी,विजय कुमार,एआईसीसीटीयू से अनीता अन्ना,भगवती एम्पलाईज यूनियन से ठाकुर सिंह लोकेश पाठक,इंकलाबी मजदूर केंद्र से दिनेश भट्ट,उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी से दिनेश उपाध्याय,एलजीबी वर्कर्स यूनियन से गोविंद सिंह,रावा हाईटेक से आकाश,पारले मजदूर संघ से प्रमोद तिवारी आदि यूनियनों के साथी शामिल रहे।