पीलीभीत। जनपद के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिमरिया में एक शिव मंदिर की पवित्रता भंग करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक द्वारा मंदिर परिसर में मछली के टुकड़े फेंकने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने जैसी स्थिति पैदा हो गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और मंदिर की साफ-सफाई करवाकर स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक की पहचान सिमरिया निवासी सतपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सतपाल अपने घर पर मछली लेकर गया था, लेकिन परिजनों ने घर में मछली बनाने से सख्त इनकार कर दिया। परिजनों की नाराजगी से क्षुब्ध होकर वह मछलियों की थैली लेकर सीधे गांव के प्रसिद्ध शिव मंदिर पहुँच गया और वहाँ मांस के टुकड़े बिखेर दिए। जैसे ही ग्रामीणों को इस कृत्य की भनक लगी, मौके पर भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर तुरंत मछलियों को हटवाया और पवित्र जल से मंदिर की धुलाई करवाई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी सतपाल ने जो तर्क दिया, उसने सभी को हैरत में डाल दिया है। आरोपी का दावा है कि वह पश्चिम बंगाल के राजनीतिक घटनाक्रमों से प्रेरित था। उसने पुलिस से कहा कि “जब वहां भगवा धारी लोग मछली खा सकते हैं, तो उसने भगवान को ही इसका भोग लगा दिया।” आरोपी ने अपने कृत्य पर किसी भी प्रकार के पछतावे से इनकार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की विस्तृत छानबीन जारी है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)