सितारगंज। शक्तिफार्म के एक गांव में एक होर्डिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जब बीडीसी सदस्य के पति ने होर्डिंग में खुद को बीडीसी लिख दिया। आरटीआई कार्यकर्ता निखिलेश घरामी की शिकायत पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने डीपीआरओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शक्तिफार्म के गांव अरविंदनगर निवासी निखिलेश घरामी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि बीडीसी विनीता विश्वास के पति ने होर्डिंग में स्वयं को क्षेत्र पंचायत सदस्य दर्शाकर जनप्रतिनिधि अधिनियम एवं पद की गरिमा का उल्लंघन किया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि के पारिवारिक सदस्य द्वारा स्वयं को उस पद पर प्रदर्शित करना नियमों के विपरीत है। इससे जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है।
वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, पंचास्थानी चुनावालय ने डीपीआरओ को पत्र भेजकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय स्तर पर मामले की जांच की जा रही है।
इधर, बीडीसी सदस्य के पति विपुल विश्वास का कहा कि होर्डिंग में बीडीसी सदस्य के आगे पति शब्द छूट गया था। जिसके चलते विवाद की स्थिति बनी। उन्होंने इसे मानवीय भूल बताया है।