शक्तिफार्म। तीन दिन से लापता युवक का शव पेड़ के सहारे फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
गांव निर्मल नगर निवासी हर्षित साना (25) बीते बृहस्पतिवार को घर से लापता हो गया था। परिजनों ने घर के आसपास नाते रिश्तेदारों में काफी खोजबीन भी की लेकिन उसका पता नहीं चला।
शनिवार को पशुओं को चराने गए व्यक्ति ने बैगुल नदी के किनारे सिड़कुल फेस-टू में शव पेड़ से लटका देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त हर्षित साना के रूप में की। जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब चार महीने पहले हर्षित का विवाह हुआ था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वह सिडकुल में काम कर परिवार का भरण पोषण करता था। उसके पिता हरेंद्र साना की गांव में ही दुकान है।
वहीं, इकलौते पुत्र की मौत की खबर से माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है।
इधर, पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।