पीलीभीत। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की जिला पीलीभीत इकाई का विधिवत पुनर्गठन कर दिया गया है। सोमवार की रात शहर के एक स्थानीय होटल में आयोजित जिला कार्यकारिणी पुनर्गठन समारोह के दौरान संगठन के नए पदाधिकारियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की गई। यह घोषणा प्रदेश के संयुक्त महामंत्री शोभित सक्सेना ने प्रदेश मंत्री नवीन अग्रवाल की मौजूदगी में की। गौरतलब है कि विगत दिनों प्रदेश मुख्यालय द्वारा पीलीभीत की पुरानी जिला इकाई को भंग कर दिया गया था, जिसके बाद संगठन को मजबूती देने के लिए इस नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है।
संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल के निर्देशानुसार, पूर्व में जिला महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके शैली अग्रवाल को अब नया जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इसके साथ ही बिलसंडा निवासी एवं बिलसंडा इकाई के पूर्व नगर अध्यक्ष अवनीश जायसवाल को पदोन्नत करते हुए जिला महामंत्री के पद पर जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पीलीभीत नगर इकाई के अध्यक्ष संजय गुप्ता को पदोन्नति देते हुए जिला कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। स्थानीय स्तर पर संगठन को गति देने के लिए पीलीभीत नगर इकाई के अध्यक्ष पद पर अलाउद्दीन अंसारी और बिलसंडा नगर इकाई के अध्यक्ष पद पर मोहम्मद रेहान के नामों की घोषणा की गई है। इस घोषणा के अवसर पर बरेली, पूरनपुर, बीसलपुर और बिलसंडा के तमाम पदाधिकारी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

पुनर्गठन के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश संयुक्त महामंत्री शोभित सक्सेना ने पुरानी इकाई को भंग करने की वजहों को साफ किया। उन्होंने कहा कि संगठन में समय-समय पर बदलाव और नए पदाधिकारियों को दायित्व सौंपना एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय स्तर पर संगठन लगातार निष्क्रिय होता जा रहा था और कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा था, जिसके चलते पुरानी इकाई को भंग करना पड़ा। पूर्व जिला अध्यक्ष अनूप अग्रवाल के इस्तीफे पर तीखा रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि संगठन ने अनूप अग्रवाल को निकाला नहीं था, बल्कि इकाई भंग होने के बाद वे स्वयं हटे हैं। उन्हें थोड़ा इंतजार करना चाहिए था, लेकिन उन्होंने संगठन छोड़ना ही उचित समझा। उन्होंने यह भी बताया कि अनूप अग्रवाल ने अपना इस्तीफा किसी जिम्मेदार पदाधिकारी को नहीं, बल्कि प्रदेश अध्यक्ष के ड्राइवर के व्हाट्सएप पर भेजा था, जो कि उनकी जल्दबाजी को दर्शाता है।
पत्रकार वार्ता के दौरान नवनियुक्त जिला अध्यक्ष शैली अग्रवाल ने अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा से व्यापारियों के हक की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने वरिष्ठ व्यापारियों से अपील की कि यदि वे कभी कोई काम गलत करते दिखें, तो उन्हें तुरंत टोकें ताकि वे अपनी सही दिशा से न भटकें। शैली अग्रवाल ने घोषणा की कि जल्द ही जिले की सभी तहसील इकाइयों का गठन पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद जिला कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इस शपथ ग्रहण समारोह में वे स्वयं जिले के सभी व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों को आमंत्रित करेंगे।