देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली उत्तराखण्ड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के नए कुलपति की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), नई दिल्ली में विशेष कार्याधिकारी के पद पर कार्यरत डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है।

राजभवन, देहरादून से 11 जून 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय अधिनियम, 1958 तथा उत्तराखंड राज्य में लागू प्रावधानों के तहत गठित चयन समिति की संस्तुति के आधार पर यह नियुक्ति की गई है।

आदेश के अनुसार डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर कार्य करेंगे।

इस नियुक्ति के साथ ही कुलपति पद के कार्यदायित्वों को लेकर पूर्व में जारी अंतरिम एवं अस्थायी व्यवस्थाओं से संबंधित आदेशों को निरस्त कर दिया गया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन और कृषि शिक्षा जगत में इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि डॉ. भट्ट के नेतृत्व में विश्वविद्यालय शिक्षण, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *