पीलीभीत। विश्व थैलेसीमिया दिवस एवं रेड क्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) के ब्लड सेंटर में एक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य थैलेसीमिया जैसी गंभीर आनुवंशिक बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के हर्षल सिंह और सौरभ अग्रवाल ने सर्वप्रथम रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया। शिविर में कुल 11 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
रक्तदान से बच सकता है थैलेसीमिया रोगियों का जीवन
जनसभा को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि थैलेसीमिया एक गंभीर वंशानुगत विकार है, जिसमें मरीजों को जीवित रहने के लिए जीवनभर नियमित रक्त की आवश्यकता होती है। उन्होंने समाज से अपील की कि इन रोगियों के जीवन को सुरक्षित बनाने के लिए स्वैच्छिक रक्तदान हेतु आगे आएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि ऐसे आयोजनों से ‘थैलेसीमिया बाल सेवा योजना’ जैसे कार्यक्रमों को बल मिलता है, जिससे मरीजों को बेहतर परामर्श और उपचार मिल पाता है।

पोस्टर मेकिंग के लिए छात्राएं सम्मानित
जागरूकता अभियान के तहत “आज जागरूकता, कल स्वस्थ भविष्य” का संदेश दिया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. विभूति गोयल और अन्य विशेषज्ञों ने समय पर जांच और आनुवंशिक परामर्श के महत्व पर जोर दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाली पैरामेडिकल की छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया।
प्रशासनिक एवं चिकित्सा जगत की उपस्थिति
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में वाइस प्रिंसिपल व मीडिया प्रभारी डॉ. अरुण सिंह, रेड क्रॉस सोसाइटी के राज्य प्रतिनिधि डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री, प्रभारी डॉ. परिक्षित सिंह, डॉ. प्रदीप शेखावत, डॉ. अमृता और तकनीशियन दिग्विजय, सुखवीर भदौरिया, सहित कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि संस्थान द्वारा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)