रुद्रपुर। उत्तराखण्ड स्टेट आयुष मिशन सोसाइटी, देहरादून के निर्देशानुसार जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता जोशी के मार्गदर्शन में रविवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर, लालपुर उत्कर्ष केंद्र में भव्य निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 136 मरीजों ने विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बलविंदर कौर, ग्राम प्रधान श्रीमती नेहा पुजारा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री अमृत पाल, समाजसेवी श्री राजकुमार गगनेजा तथा पूर्व जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी एवं पर्यावरणविद् डॉ. आशुतोष पंत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। डॉ. निवेदिता जोशी ने सभी अतिथियों का पुष्पयुक्त गमला एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया। वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए डॉ. आशुतोष पंत ने शिविर में आए लाभार्थियों को करीब 54 पौधों का निःशुल्क वितरण किया।

शिविर में पंचकर्म एवं मर्म चिकित्सा, न्यूरोथेरेपी, न्यूरो-मस्कुलर चिकित्सा, ईसीजी जांच, क्षारसूत्र तथा अग्निकर्म सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। डॉ. राकेश कुमार ने 36, डॉ. संदीप चौधरी ने 48, डॉ. मनविंदर पाल सिंह ने 22, डॉ. दीपक कुमार सरकार ने 8 तथा डॉ. वीरेंद्र रौतेला ने 14 लाभार्थियों को परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।

इसके अलावा श्रीमती ज्योति एवं राम किशन कोहली ने योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। श्री राहुल पुरोहित, श्री योगेश पंवार एवं श्री रूपेश सुंदरियाल ने निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण और पैथोलॉजी सहयोग दिया, जबकि श्री सूरज प्रताप सिंह एवं श्रीमती नूतन ने पंचकर्म सहायक के रूप में सेवाएं दीं। शिविर के सफल संचालन में अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दीपक कुमार सरकार, श्री रंजीत, श्री राजकुमार एवं श्री दीपक कुमार का विशेष योगदान रहा।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को आयुर्वेद, योग और संतुलित आहार-विहार अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग ने आमजन से निकटवर्ती आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर उपलब्ध सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi