लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में वनराज का खौफ अब मासूमों की जान का दुश्मन बन गया है। फुटहा क्षेत्र में एक आदमखोर तेंदुए ने दुस्साहस की सारी हदें पार करते हुए घर के भीतर घुसकर एक 7 साल की बच्ची को अपना निवाला बना लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मचा है और वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है।

आंगन से मौत का ‘शिकार’

घटना बीती रात की है, जब 7 वर्षीय सिमरन अपने घर में सुरक्षित सो रही थी। तभी दबे पांव आए तेंदुए ने घर के भीतर हमला किया और सो रही बच्ची को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर भाग निकला। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

200 मीटर दूर मिला मासूम का शव

ग्रामीणों के भारी शोर और पीछा करने के दबाव में तेंदुआ बच्ची को घर से करीब 200 मीटर दूर छोड़कर झाड़ियों में ओझल हो गया। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर कलेजा मुंह को आ गया। सिमरन का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। एक हंसती-खेलती मासूम की जिंदगी वन्यजीवों के खूनी संघर्ष की भेंट चढ़ गई।

वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश

दुधवा टाइगर रिजर्व के फुटहा इलाके में आए दिन हो रहे इन हमलों से ग्रामीण बेहद डरे और गुस्से में हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार की शिकायतों के बावजूद वन विभाग न तो गश्त बढ़ा रहा है और न ही इन हिंसक जानवरों को पकड़ने के लिए पिंजरे लगा रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और मुआवजे के साथ-साथ तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।


(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *