​पीलीभीत। बरेली में आयोजित भव्य रोटरी मंडलीय पुरस्कार वितरण समारोह में रोटरी क्लब पीलीभीत ने अपनी उत्कृष्ट सामाजिक सेवाओं के दम पर ढेरों पुरस्कार अपने नाम कर शहर का गौरव बढ़ाया है। क्लब को उसके साल भर के सराहनीय कार्यों के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ क्लब पुरस्कार’ से नवाजा गया। इसके साथ ही, मंडल में कचहरी तिराहे पर ऐतिहासिक ‘विश्व शांति स्तंभ’ स्थापित करने के अभूतपूर्व कार्य के लिए डॉ. अनिल सक्सेना को ‘सर्वश्रेष्ठ अध्यक्ष’ और कपीश अग्रवाल को ‘सर्वश्रेष्ठ सचिव’ के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया।


​समारोह में रोटरी क्लब पीलीभीत द्वारा समाज हित में चलाए गए विभिन्न सेवा प्रकल्पों की धूम रही। क्लब को रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, वृहद वृक्षारोपण अभियान, शिक्षक सम्मान और मेधावी छात्र सम्मान जैसे जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, क्लब के वरिष्ठ सदस्य एवं मंडलीय रक्तदान कार्यक्रम प्रभारी डॉ. एसपीएस संधू तथा मंडलीय मुख्य सचिव देवेश बंसल को उनकी विशिष्ट और अनुकरणीय सेवाओं के लिए विशेष पुरस्कार से विभूषित किया गया।


​क्लब की इन शानदार और ऐतिहासिक उपलब्धियों पर वर्तमान अध्यक्ष मुरली मनोहर अग्रवाल और सचिव विजय जायसवाल ने हर्ष व्यक्त किया है। क्लब को मिली इस बड़ी कामयाबी पर सतीश जायसवाल, अवधेश गुप्ता, राकेश अग्रवाल, देवेंद्र छाबड़ा, डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. राहुल शर्मा, राहुल अग्रवाल, रचित अग्रवाल, ईश बंसल, हेमंत जगोता, रवि अग्रवाल सहित अन्य सभी सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए एक-दूसरे को बधाई व शुभकामनाएं दीं। सदस्यों का कहना है कि यह सम्मान क्लब की एकजुटता और समाज के प्रति समर्पण का परिणाम है, जो भविष्य में और अधिक ऊर्जा के साथ सेवा कार्य करने की प्रेरणा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi