रूद्रपुर/गदरपुर: ऊधमसिंह नगर जिले में बिजली चोरी रोकने और पुराने बकाये की वसूली के लिए विद्युत विभाग ने मंगलवार को एक बड़ा अभियान चलाया। अधिशासी अभियन्ता (EE) उमाकान्त चतुर्वेदी के निर्देशन में विभाग की टीम ने देहरादून सतर्कता दल (Vigilance Team) के साथ मिलकर रूद्रपुर और गदरपुर के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की।
रूद्रपुर: सीर गोटिया और गांधी कॉलोनी में हड़कंप
विद्युत वितरण खण्ड द्वितीय के मुख्य लिपिक सैयद फैज जॉफरी के अनुसार, टीम ने रूद्रपुर के सीर गोटिया और गांधी कॉलोनी में 60 से अधिक घरों में छापा मारा। इस दौरान 15 लोगों को सीधे बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। इसके अलावा, ₹3 लाख का पुराना बकाया होने पर कई उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए। कार्रवाई के दौरान ही अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को जागरूक किया, जिसके बाद 50 घरों में स्मार्ट मीटर भी लगाए गए।
गदरपुर: 19 घरों में पकड़ी गई चोरी, तार जब्त
रूद्रपुर के बाद टीम ने गदरपुर के इस्लाम नगर, आवास विकास, पंजाबी कॉलोनी और करतारपुर रोड में करीब 50 घरों की जांच की। यहाँ 19 घरों में बिजली चोरी के मामले सामने आए, जिसके बाद टीम ने तत्काल कनेक्शन काटकर बिजली के तार जब्त कर लिए। गदरपुर क्षेत्र में ₹5 लाख का बकाया होने पर कनेक्शन काटे गए और मौके पर ही ₹9 लाख की वसूली सुनिश्चित की गई। यहाँ भी 35 नए स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए।
छापामार टीम में ये रहे शामिल
इस व्यापक अभियान में उपखंड अधिकारी प्रकाश चन्द्र शाह, विजिलेंस इंस्पेक्टर मारूत साह, एसआई संजीव त्यागी, सतर्कता अभियन्ता अमित आर्या, पुनीत कुमार, रोबिन सिंह, नेहा कुमारी और कृतिका शामिल रहीं। साथ ही अवर अभियन्ता महताब अली, सुभाष आर्या, अफसान सैफी, हरजीत सिंह और लाइनमैनों की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।