रुद्रपुर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित सन सिटी कॉम्प्लेक्स में चल रहे एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार का खुलासा किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मौके से तीन युवतियों सहित कई लोगों को हिरासत में लिया।

सीओ प्रशान्त कुमार ने बताया कि बुधवार रात सूचना मिली थी कि ‘कोहिनूर स्पा सेंटर’ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने मौके से दो युवकों और काउंटर पर बैठे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में स्पा सेंटर संचालक के रूप में हरीश शाह का नाम सामने आया, जिसने यह सेंटर किराए पर लेने की बात स्वीकार की। वहीं, संचालन में विकास कुमार की भूमिका भी सामने आई, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर के अंदर बने कमरों से तीन युवतियां भी मिलीं, जिन्हें पुलिस ने रेस्क्यू किया। युवतियों ने आरोप लगाया कि उन्हें अतिरिक्त कमाई का लालच देकर देह व्यापार में धकेला जाता था।

कोतवाल मनोज रतूड़ी के अनुसार, पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi