रुद्रपुर/दिनेशपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ दिल्ली और स्थानीय पुलिस ने मिलकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। दिनेशपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने ऐसे 5 युवकों को दबोचा है जो चंद रुपयों के लालच में साइबर ठगों को अपने बैंक खाते किराए पर उपलब्ध करा रहे थे। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के युवाओं में हड़कंप मच गया है।
ऐसे बिछाया गया गिरफ्तारी का जाल
देशभर में हो रही साइबर ठगी की कड़ियों को जोड़ते हुए दिल्ली पुलिस की साइबर सेल की जांच की आंच दिनेशपुर तक पहुंची। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए दिनेशपुर के कुछ बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर नरेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने दिनेशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह बिष्ट के साथ मिलकर संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी और घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के नाम समीर, राज, रोहित (प्रथम), रोहित (द्वितीय) और हरीश हैं। ये सभी युवक अलग-अलग मोहल्लों के रहने वाले हैं लेकिन एक संगठित नेटवर्क के जरिए साइबर अपराधियों के संपर्क में थे।
सावधान! आप भी न बन जाएं ‘मनी म्यूल’
प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। ये युवक मामूली कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड और पासबुक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगों को सौंप देते थे। साइबर जगत में ऐसे लोगों को ‘मनी म्यूल’ कहा जाता है। ठग सीधे अपने खाते का उपयोग करने के बजाय इन युवाओं के खातों में ठगी का पैसा मंगाते थे और फिर उसे आगे ट्रांसफर कर देते थे, जिससे पुलिस की पकड़ से बचना आसान हो जाता था।
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
दिनेशपुर थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ के आधार पर इस गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि इन खातों के जरिए अब तक कितने करोड़ का अवैध लेनदेन हो चुका है और इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों या देशों से जुड़े हैं।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)