रुद्रपुर | उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जनपद का मुख्यालय रुद्रपुर आज गम के सागर में डूबा नजर आया। शहर के विभिन्न हिस्सों में हुए हादसों और संदिग्ध परिस्थितियों में 6 नौजवानों की अकाल मृत्यु ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। आज पोस्टमार्टम हाउस में एक साथ 6 शवों के पहुंचने से वहां मौजूद परिजनों के चीत्कार और विलाप से माहौल बेहद मार्मिक हो गया।
लापरवाही ने ली सचिन की जान
सबसे दर्दनाक हादसा शिवनगर निवासी सचिन राठौर के साथ हुआ। बीती रात वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे कि सब्जी मंडी के पास सड़क किनारे निकले एक लोहे के एंगल (सरिया) से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सरिया सचिन की गर्दन में जा घुसा, जिससे उनकी गर्दन 80 प्रतिशत तक कट गई और मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने इसे महज हादसा नहीं बल्कि ‘प्रशासनिक हत्या’ करार देते हुए दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
हत्या की आशंका और अन्य हादसे
वहीं, सिडकुल ढाल पर आकाश तिवारी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। शरीर पर नीले निशान होने के कारण परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। अन्य घटनाओं में छतरपुर निवासी परमानन्द, तहसील मिलक निवासी फैजान (होटल की छत से गिरने से), जगतपुरा निवासी मोहन सिंह और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की भी अलग-अलग हादसों में मौत हो गई।
नेताओं ने जताया शोक
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी भाजपा नेता सुशील गाबा और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को सांत्वना देते हुए कहा कि नौजवानों की इस तरह असमय मृत्यु पूरे परिवार को मानसिक और आर्थिक रूप से तोड़ देती है। सुशील गाबा ने प्रशासन से मांग की कि दुर्घटनाओं और अपराधों पर सख्ती बरती जाए ताकि कानून का इकबाल बना रहे। राजकुमार ठुकराल ने भी मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)