रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के दिनेशपुर थाना क्षेत्र स्थित नेताजीनगर गांव में शनिवार सुबह झाड़ियों के बीच 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर दिनेशपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सपन राय (40) पुत्र गुरुपद राय, निवासी वार्ड नंबर-9, दिनेशपुर के रूप में हुई है। घटनास्थल से उनकी मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक आखिरी बार किसके साथ देखा गया था और वह घटनास्थल तक किन परिस्थितियों में पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें।

पुलिस क्षेत्राधिकारी दौलत राम वर्मा ने बताया कि युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। प्रथम दृष्टया मौत के कारणों के संबंध में कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi